अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर द्वारा दो दिवसीय योग चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर द्वारा दो दिवसीय योग चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर द्वारा दो दिवसीय योग चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

सांसद  लालवानी जी द्वारा फीता खोलकर एवं द्विप प्रज्वलित कर किया गया शुभारंभ

इंदौर।भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, इंदौर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सेंट्रल जिमखाना क्लब, रेसिडेंसी एरिया, इंदौर में योग विषयक दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ शनिवार को अपराहन में किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन इंदौर के लोकप्रिय सांसद श्री शंकर लालवानी द्वारा फीता खोलकर किया गया। शुभारंभ से पूर्व प्रातःकाल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सामूहिक योग कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास भी किया गया।

सांसद  शंकर लालवानी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा योग से संबंधित विभिन्न चित्रों एवं जानकारियों की सराहना की। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय संचार ब्यूरो, इंदौर द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी आमजन को योग के महत्व, उसके लाभों तथा सही योगाभ्यास की जानकारी प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले कई वर्षों से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे विश्व में व्यापक स्तर पर मनाया जा रहा है और योग आज स्वस्थ जीवनशैली का एक प्रभावी साधन बन चुका है।

 लालवानी ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है तथा अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने नागरिकों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि “यदि व्यक्ति स्वस्थ रहेगा तो परिवार स्वस्थ रहेगा, परिवार स्वस्थ रहेगा तो समाज स्वस्थ रहेगा और समाज स्वस्थ रहेगा तो देश भी स्वस्थ रहेगा।”

सांसद  लालवानी के उद्बोधन के पश्चात केंद्रीय संचार ब्यूरो, इंदौर के प्रचार अधिकारी  दिलीप सिंह परमार द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, इंदौर के  शाकिर मंसूरी द्वारा सांसद  लालवानी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सेंट्रल जिमखाना क्लब, इंदौर के सचिव  गिरधर काकानी को सांसद  लालवानी के करकमलों से स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। वहीं केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से प्रचार अधिकारी श्री दिलीप सिंह परमार ने सांसद  लालवानी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इसके पश्चात पत्रकारों से चर्चा करते हुए सांसद  शंकर लालवानी ने कहा कि सेंट्रल जिमखाना क्लब में आयोजित यह प्रदर्शनी योग के माध्यम से निरोगी जीवन की अवधारणा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वस्थ रहना सबसे बड़ी आवश्यकता है और योग इसके लिए सबसे सरल एवं प्रभावी उपाय है। प्रदर्शनी में योग की विभिन्न विधियों, उनके वैज्ञानिक लाभों तथा जीवन में योग को अपनाने के तरीकों को सरल भाषा में दर्शाया गया है।

उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिन का आयोजन न होकर जीवनभर अपनाई जाने वाली स्वस्थ जीवनशैली का संदेश है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे वर्षों से नियमित योगाभ्यास कर रहे हैं और योग ने उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री लालवानी ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और अंततः स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने इस आयोजन के सफल आयोजन हेतु केंद्रीय संचार ब्यूरो, इंदौर तथा सेंट्रल जिमखाना क्लब के पदाधिकारियों एवं आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सेंट्रल जिमखाना क्लब में पिछले लगभग 20 वर्षों से नियमित योग प्रशिक्षण एवं अभ्यास का कार्य किया जा रहा है, जिससे अनेक नागरिक लाभान्वित हुए हैं।

कार्यक्रम में सेंट्रल जिमखाना क्लब के अध्यक्ष  हुकम चंद सोनी, संयुक्त सचिव  महेश कुमार काला, क्लब सदस्य  हेमंत जैन,  गोविंददास राठी, महेंद्र सिंह कोचर,  कमल सिंह रघुवंशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए 20 एवं 21 जून 2026 को खुली रहेगी। प्रदर्शनी के दौरान गीत एवं नाटक प्रभाग के कलाकारों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही आमजन की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रश्नमंच कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास में भाग लेने के इच्छुक नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे 21 जून 2026 को प्रातः 7:30 बजे सेंट्रल जिमखाना क्लब, रेसिडेंसी एरिया, इंदौर में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में सम्मिलित होकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संकल्प लें।